केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को एकसाथ लाने वाले समूह जी20 के लिए भारत का शेरपा नियुक्त किया गया है। इसकी घोषणा करते हुए विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत एक दिसंबर, 2022 से जी20 समूह की अध्यक्षता करेगा और पहली बार वर्ष 2023 में इसके शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। जी20 देशों की अगली बैठक 30-31 अक्टूबर को इटली की अध्यक्षता में होगी।
बतौर शेरपा पीयूष गोयल करेंगे प्रतिनिधित्व
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल को जी20 के लिए भारत का शेरपा नियुक्त किया गया है।’ ज्ञात हो कि शेरपा जी20 के सदस्य देशों के नेताओं का प्रतिनिधि होता है, जो शिखर सम्मेलन के एजेंडे के बीच समन्वय बनाता है और सदस्य देशों के साथ मिलकर आर्थिक, राजनीतिक व वैश्विक चर्चा के एजेंडे को लेकर बात करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 से जी20 में भारत का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। भारत वर्ष 1999 में जी20 के गठन से ही इसका सदस्य है।