भाजपा का सदन में हंगामा, स्पीकर की ओर उड़ाए कागज
रांची
झारखंड विधानसभा में बुधवार को भोजनावकाश के बाद विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विधायकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वेल पर उतर आए। विधायक भानु प्रताप शाही रिपोर्टिंग टेबल पर चढ गए और भाजपा विधायकों ने कार्यसूची की प्रतियां फाड़कर विधानसभा अध्यक्ष की ओर उछाला। इस पर सत्तापक्ष के विधायक ने नाराजगी प्रकट की और वे भी विपक्ष के विरोध में वेल पर आ गए। पक्ष-विपक्ष के हो हंगामे के बीच ही सरकार ने झारखंड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन विधेयक 2021, झारखंड नगर पालिका (संशोधन) विधेयक 2021 और झारखंड माल व सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2021 को सदन के पटल पर रखा और उसे पास कराया।
भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य में अब शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना भी संभव नहीं रह गया है। अब इसका अधिकार किसी को नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया, इससे कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। ऐसे में लोकतंत्र कैसे बचेगा, सरकार को बताना चाहिए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा की गई टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक हो हल्ला करते हुए वेल पर आ गए। विधायक भानु प्रताप सिंह सही रिपोर्टिंग टेबल पर चढ़ गए और भाजपा विधायक कार्यसूची की प्रतियां फाड़कर विधानसभा अध्यक्ष की ओर उछलने लगे। इस पर सत्तापक्ष के विधायकों ने भी नाराजगी जताई और वेल पर उतर कर विपक्ष का विरोध करने लगे।
