यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि, कार्यवाही स्थगित

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन वर्तमान विधानसभा के सदस्य राहुल प्रकाश कोल तथा केशरी नाथ त्रिपाठी समेत 15 पूर्व सदस्यों के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
यूपी के साथ ही भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति
सीएम ने विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर भी शोक जताया। 8 जनवरी 23 को 88 वर्ष की अवस्था में उनका निधन हो गया था। केशरी नाथ त्रिपाठी ने प्रारंभिक जीवन की शुरुआत अधिवक्ता के रूप में की थी। वे 1977 में जनता पार्टी से झूंसी, 1989, 1991, 1993, 1996 व 2002 में भाजपा से प्रयागराज से विधानसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए। वे रामनरेश यादव मंत्रिमंडल के सदस्य भी रहे। 1991, 1997 व 2002 में तीन बार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष बने। श्री त्रिपाठी जुलाई 2014 से जुलाई 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे।

इसके अलावा बिहार, मेघालय व मिजोरम के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। वे इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता व बार एसोसिएशन के अध्य़क्ष रहे। उन्होंने अनेक काव्य संग्रह की रचना की। उन्हें हिंदी गरिमा सम्मान, आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान, वागीश्वरी समेत अनेक सम्मान दिए गए। यूपी हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष रहे। केशरी नाथ त्रिपाठी को उत्कृष्ट सेवा के लिए चाणक्य, भारत गौरव, यूपी रत्न, विकास पुरुष आदि कई उपाधियों से सम्मानित किया गया। उनका निधन यूपी के साथ भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है।

Translate »